होटल में रेप करने वाला टीचर गिरफ्तार

बिलासपुर। जिले से गुरु और शिष्य के पवित्र रिश्ते को तार-तार करने वाली एक बेहद संवेदनशील और सनसनीखेज घटना सामने आई है। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल के पूर्व शिक्षक ने अपनी ही एक पूर्व छात्रा (नाबालिग) को डरा-धमकाकर उसका अपहरण किया और तोरवा इलाके के एक होटल में उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। यह मामला दिसंबर 2025 का बताया जा रहा है। आरोपी के खौफ की वजह से पीड़िता करीब छह महीने तक चुप रही, लेकिन आखिरकार उसने परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा। सिरगिट्टी पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र की रहने वाली 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा पर उसी के स्कूल में पूर्व में कार्यरत रहे शिक्षक राहुल बांगरू (निवासी देवरीखुर्द) की बुरी नजर थी। दिसंबर 2025 में आरोपी ने रास्ते में छात्रा को अकेले पाकर रोक लिया। उसने पीड़िता को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और जबरन अपनी स्कूटी पर बैठा लिया। डरी-सहमी नाबालिग को आरोपी तोरवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक OYO होटल में ले गया, जहां उसने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। वारदात के करीब एक घंटे बाद आरोपी ने छात्रा को वापस सिरगिट्टी इलाके में लाकर छोड़ दिया।






