छत्तीसगढ़

ब्लैकमेलिंग से परेशान युवक ने खाया जहर, महिला आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर एक युवक द्वारा जहर खा लेने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला आरोपी को राजनांदगांव से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला युवक के निजी फोटो वायरल करने की धमकी देकर उससे पैसे की मांग कर रही थी। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल भी जब्त कर लिया है।

 

 

पुलिस के अनुसार पीड़ित युवक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि राजनांदगांव निवासी एक महिला उसे लगातार ब्लैकमेल कर रही थी। महिला ने युवक के निजी और आपत्तिजनक फोटो सार्वजनिक करने की धमकी देते हुए पैसों की मांग की थी। लगातार मानसिक दबाव और प्रताड़ना से परेशान होकर युवक ने कीटनाशक का सेवन कर लिया।

 

बताया जा रहा है कि युवक पिछले सात दिनों से बिलासपुर के एक अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

 

जांच में यह भी सामने आया कि युवक और महिला पहले से एक-दूसरे को जानते थे। करीब 12 से 15 दिनों से महिला आरोपी युवक और उसके परिजनों के मोबाइल पर निजी फोटो भेजकर ब्लैकमेल कर रही थी। पैसे नहीं देने पर इंस्टाग्राम पर फोटो वायरल करने की धमकी दी जा रही थी।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए अकलतरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 314/2026 के तहत धारा 308(2) बीएनएस एवं 67 आईटी एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने राजनांदगांव पहुंचकर महिला आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसका मोबाइल जब्त कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

 

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, उप निरीक्षक विनोद जटवार, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या कुर्रे तथा आरक्षक राजा रात्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

पुलिस का कहना है कि साइबर ब्लैकमेलिंग और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button