रायपुर सट्टा सिंडिकेट का मास्टरमाइंड बाबू खेमानी गिरफ्तार, 60 लाख की संपत्ति जब्त

रायपुर। ऑनलाइन सट्टा रैकेट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर पुलिस ने इन्फ्लुएंसर और सट्टा सिंडिकेट के मास्टरमाइंड बाबू खेमानी को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। 17 अप्रैल को उसे फ्लाइट से रायपुर लाया गया। इस कार्रवाई में उसके साथ 6 अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से BMW कार समेत करीब 60 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
इंस्टाग्राम फॉलोअर्स का उठाया फायदा
जांच में सामने आया है कि बाबू खेमानी सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय था और बड़ी संख्या में फॉलोअर्स होने का फायदा उठाकर हाई-प्रोफाइल सट्टेबाजों से संपर्क बनाता था। इसके बाद वह उन्हें ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जोड़ता था।
‘3 STUMPS’ वेबसाइट से IPL में सट्टा
पुलिस के अनुसार, खेमानी ने महादेव ऐप की तर्ज पर ‘3 STUMPS’ नाम की वेबसाइट बनाकर आईपीएल मैचों में सट्टा खिलवाना शुरू किया। इसके अलावा वह रेड्डी ग्रुप, बजरंग ग्रुप, मेट्रो 65 और डायमंड मास्टर जैसे कई ऑनलाइन पैनल भी पिछले ढाई साल से संचालित कर रहा था।
देशभर में फैला नेटवर्क, रिश्तेदार भी शामिल
जांच में खुलासा हुआ है कि रायपुर, मुंबई, पुणे और गोवा में उसके रिश्तेदारों और करीबियों के जरिए सट्टा पैनल ऑपरेट किए जा रहे थे। इस सिंडिकेट में अलग-अलग लोगों की जिम्मेदारियां तय थीं, जबकि खेमानी खुद बाहर बैठकर पूरे नेटवर्क को कंट्रोल करता था।
विदेशी कनेक्शन की भी जांच
पुलिस के मुताबिक, खेमानी कई बार दुबई और थाईलैंड की यात्रा कर चुका है। ऐसे में उसके विदेशी नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। आशंका है कि सट्टा रैकेट का कनेक्शन अंतरराष्ट्रीय स्तर तक जुड़ा हो सकता है।
दबाव बनाकर करता था वसूली
आरोप है कि खेमानी सट्टा खेलने वालों पर दबाव बनाकर पैसे की वसूली करता था। रायपुर पुलिस की सख्ती के बाद उसने दूसरे राज्यों से अपना नेटवर्क ऑपरेट करना शुरू कर दिया था।





