होली के नाम पर हुड़दंग: अफरीद में घरों पर बम फेंके, ग्रामीणों में दहशत — पुलिस कार्रवाई की मांग

जांजगीर /अफरीद — होली का त्योहार नजदीक आते ही ग्राम अफरीद में शांति भंग होने लगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले पाँच वर्षों से होली के दौरान पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की घटनाएँ सामने आती रही हैं, जिससे फसल और खेतों को भारी नुकसान हुआ है।
इस वर्ष स्थिति और गंभीर हो गई है। आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा घरों में (फटाका) बड़े बड़े बम जैसी वस्तुएँ फेंकी जा रही हैं। गड़पारा निवासी राजेन्द्र राठौर एवं कृष्ण धन राठौर के घर पर बम फेंके जाने की घटना से पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि त्योहार की आड़ में हो रही इन घटनाओं से महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग दहशत में हैं तथा रात भर जागने को मजबूर हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन और पुलिस विभाग से तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि आगे किसी बड़ी अनहोनी को रोका जा सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और बिगड़ सकती है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और आरोपियों की पहचान कर कठोर कार्रवाई की आवश्यकता महसूस की जा रही है।






