मां से शराब के लिए पैसे मांगने वाला कलयुगी बेटा गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
जांजगीर-चांपा। अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक कलयुगी बेटे को गिरफ्तार किया है, जो अपनी मां से शराब पीने के लिए पैसे मांगता था और इंकार करने पर मारपीट करता था। आरोपी की पहचान राजू साहू (27 वर्ष), निवासी किरारी, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है।
बार-बार करता था उत्पात
पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से अपनी मां से शराब के लिए पैसों की मांग करता था। पैसा न देने पर वह अश्लील गाली-गलौज करता, जान से मारने की धमकी देता और मारपीट करता था। पीड़िता की शिकायत पर थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 356/2025 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
गिरफ्तारी और कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में राजू साहू ने अपना जुर्म कबूल किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। आरोपी के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(2), 119(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।






