छत्तीसगढ़

एसपी कार्यालय में हंगामा करने वाला युवक गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

जांजगीर-चांपा। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने वाले एक युवक को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान पंकज कुमार चौबे (34 वर्ष), निवासी ग्राम सेमरा, थाना नवागढ़ के रूप में हुई है। बताया गया कि 1 जून को वह एसपी कार्यालय पहुंचा और एक आवेदन की तत्काल पावती देने का दबाव बनाने लगा। ड्यूटी पर मौजूद महिला पुलिसकर्मी द्वारा आवेदन पढ़कर पावती देने की बात कहने पर आरोपी कथित रूप से भड़क गया और गाली-गलौज शुरू कर दी।

हंगामे की सूचना पर पहुंचे अन्य अधिकारी-कर्मचारियों के साथ भी आरोपी ने अभद्र व्यवहार करते हुए धक्का-मुक्की की तथा झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। मामले की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

Related Articles

Back to top button