निर्माणाधीन मकानों से बिजली तार चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। थाना चांपा पुलिस ने निर्माणाधीन मकानों से बिजली के तार और सीसीटीवी कैमरे चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 8 किलो जला हुआ कॉपर वायर, बिजली वायर, 750 रुपये नकद और तार काटने का कटर बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, चांपा के कोरवा पारा निवासी सौरव कुमार सराफ ने 1 जून को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके निर्माणाधीन मकान में चोरी की घटना हुई है। घटना की रात चौकीदार श्रवण कुमार यादव की सतर्कता से एक संदिग्ध युवक को मकान के भीतर पकड़ लिया गया। उसके पास से बिजली तार और तार काटने का कटर बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने पहले भी उसी मकान से करीब 30 हजार रुपये मूल्य के बिजली तार चोरी करने की बात स्वीकार की।
वहीं दूसरे मामले में मारूति टाउनशिप स्थित निर्माणाधीन मकान के मालिक डॉ. राधेश्याम सोनी ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके मकान से अज्ञात चोरों ने सीसीटीवी कैमरा और बिजली के तार चोरी कर लिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपी कार्तिक दास महंत ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी किए गए बिजली तारों को जलाकर कॉपर वायर निकालते थे और उसे मदन लाल बरेठ को बेच देते थे। इसके आधार पर पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में कार्तिक दास महंत (23 वर्ष) निवासी भाठापारा चांपा, नारायण चौहान (19 वर्ष) निवासी भाठापारा चांपा तथा मदन लाल बरेठ (35 वर्ष) निवासी नयापारा चांपा शामिल हैं। मदन लाल चोरी के सामान का खरीददार बताया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 8 किलो जला हुआ कॉपर वायर, बिजली वायर, 750 रुपये नकद और तार काटने का कटर बरामद किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक सत्यम चौहान सहित थाना चांपा के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






