छत्तीसगढ़

नदी किनारे अवैध कच्ची शराब बेच रहा था युवक, बम्हनीडीह पुलिस ने छापा मारकर किया गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 11 अप्रैल 2025। जिले की बम्हनीडीह पुलिस ने अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बेच रहे एक युवक को नदी किनारे मुक्तिधाम के पास से रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2000 आंकी गई है।

मुखबिर की सूचना पर की गई त्वरित कार्रवाई
थाना बम्हनीडीह पुलिस को ग्राम सोंठी के नदी किनारे मुक्तिधाम के पास अवैध शराब बिक्री की सूचना मुखबिर से प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम गठित कर तत्काल रेड कार्रवाई की गई।

छापेमारी के दौरान मौके से आरोपी नरेन्द्र कुमार गोस्वामी (उम्र 25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 01, बावाडेरा सोंठी को कच्ची महुआ शराब बेचते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 9 लीटर कच्ची शराब जब्त कर उसे गिरफ्तार किया।

कड़ी कानूनी कार्रवाई
आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

टीम की भूमिका सराहनीय
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक मिलन राठौर, आरक्षक पुनेश्वर आजाद, सचेन्द्र साहू, और शैलेन्द्र राठौर का भी सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button