जांजगीर-चाम्पा: ताश के पत्तों पर लगा दांव, पुलिस ने रंगे हाथ पकड़े चार जुआरी

जांजगीर-चाम्पा।जिले में जुआ सट्टा के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। पामगढ़ थाना क्षेत्र के शुक्ला भाठा में लीलागर नदी किनारे जुआ खेल रहे चार जुआरियों को पुलिस ने रंगे हाथों धर दबोचा। मौके पर पुलिस ने 13,800 रुपये नकद, ताश की पत्तियां और अन्य सामग्री बरामद की।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग लीलागर नदी किनारे ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोहर लाल सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रेड की। मौके पर मौजूद चार जुआरी, संदीप अग्रवाल (35), अजय कुमार सोनकर (28), देवानंद खूंटे (59), और छत्रपाल खूंटे (20) को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपी पामगढ़ थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी हैं।
बरामदगी और कानूनी कार्रवाई
मौके से 13,800 रुपये नकद और ताश की पत्तियां जब्त की गईं। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई
इस कार्रवाई को अंजाम देने में पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला (IPS) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में टीम ने त्वरित निर्णय लिया। पामगढ़ पुलिस टीम ने अपनी सतर्कता और सटीक योजना से इस कार्रवाई को सफल बनाया।






