छत्तीसगढ़

IPL में ऑनलाइन सट्टा लगाते सटोरिया गिरफ्तार: चांपा पुलिस की कार्रवाई, मोबाइल और नकदी जब्त

जांजगीर-चांपा, 09 अप्रैल 2025। आईपीएल क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाते हुए चांपा पुलिस ने एक सटोरिए को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। चेन्नई सुपर किंग्स बनाम पंजाब किंग्स के बीच खेले जा रहे टी20 मुकाबले में मोबाइल के माध्यम से सट्टा लगाने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। आरोपी के पास से मोबाइल फोन और ₹2,460 की नकदी बरामद की गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रवीण सोनी (29 वर्ष), निवासी संजय नगर, चांपा के रूप में हुई है। आरोपी को छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

यह कार्रवाई जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विवेक शुक्ला (भापुसे) के निर्देश पर की गई, जिन्होंने सटोरियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के लिए पूर्व में सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया था। इस अभियान को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं एसडीओपी चांपा यदुमनी सिदार के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक जेपी गुप्ता के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने बस स्टैंड चांपा के पास दबिश दी। वहां एक युवक संदिग्ध हालत में मोबाइल पर लगातार कॉल और संदेशों के माध्यम से सट्टा लगा रहा था। जब उसका मोबाइल चेक किया गया तो उसमें मैच से संबंधित सट्टा लगने की पुष्टि हुई।

इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक मुकेश पांडे, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र टंडन, नरसिंह वर्मन और आरक्षक वीरेश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button