Uncategorized

धारदार चाकू से प्राणघातक हमला करने वाला आरोपी सारागांव पुलिस की गिरफ्त में

जांजगीर चांपा..थाना सारागांव पुलिस ने हत्या की नीयत से धारदार चाकू से प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मामला 15 अगस्त 2025 का है, जब स्कूल में हुए झगड़े की पुरानी रंजिश को लेकर सुबह करीब 11:30 बजे गढ़पारा बाजार चौक के पास आरोपी साहिल कुमार ऊर्फ अक्की पटेल (निवासी हथनेवरा खाल्हेपारा, थाना चांपा) और उसके साथी ने नाबालिग बालक व उसके साथियों का रास्ता रोक लिया।

आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी और साहिल ने हाथ में रखे धारदार बटन चाकू से नाबालिग बालक के पेट में हमला कर दिया। वहीं, आरोपी के साथी (एक विधि से संघर्षरत बालक) ने हाथ मुक्का से मारपीट की। घटना की सूचना पर थाना सारागांव पुलिस ने धारा 126(2), 296, 115(2), 351(3), 109, 3(5) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप एवं एसडीओपी चांपा यदुमणी सिदार के मार्गदर्शन में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी साहिल कुमार ऊर्फ अक्की पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। वहीं, प्रकरण में शामिल विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्यायालय में पेश किया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी, सउनि राजेश सिंह, सउनि कृष्ण कुमार कोशले एवं आरक्षक रामायण कंवर की विशेष भूमिका रही ।

Related Articles

Back to top button