जांजगीर-चांपा में अवैध अप्रवासियों पर पुलिस की सख्ती, SP ने जारी किए दिशा-निर्देश

जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध रूप से रह रहे अप्रवासियों और संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस कर मकान मालिकों, संस्थानों और नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की।
SP ने कहा कि जिले की सुरक्षा के लिए बाहरी व्यक्तियों की जानकारी रखना जरूरी है। उन्होंने मकान मालिकों को किरायेदार रखने से पहले पुलिस वेरिफिकेशन, आधार कार्ड, फोटो और मोबाइल नंबर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। वहीं ठेकेदारों, राइस मिल, फैक्ट्री संचालकों और अन्य संस्थानों को नए कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने कहा गया है।
पुलिस ने होटल, लॉज और धर्मशालाओं में आने वाले लोगों की पहचान दर्ज करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। किरायेदारों की जानकारी नहीं देने वाले मकान मालिकों पर धारा 224 BNS के तहत कार्रवाई की जाएगी।
संदिग्ध व्यक्तियों या गतिविधियों की सूचना टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 या पुलिस कंट्रोल रूम जांजगीर के मोबाइल नंबर 9479193199 पर दी जा सकती है। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। आपात स्थिति में 112 पर संपर्क करने की अपील की गई है।






