छत्तीसगढ़

पूवर्ती गांव में बाहरी लोगों की मौजूदगी से हलचल, पुलिस ने पूछताछ के बाद छोड़ा

सुकमा। सुकमा जिला के पूवर्ती गांव में उस समय हलचल मच गई, जब तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से आए 70–80 कथित माओवादी समर्थक श्मशान घाट पहुंचे। बताया जा रहा है कि वे नक्सली कमांडर हिड़मा और उसकी पत्नी राजे के चिता स्थल पर क्रियाकर्म करने पहुंचे थे और वहां दिनक्रिया कर रहे थे।

ग्रामीणों ने इस गतिविधि पर आपत्ति जताते हुए इसकी सूचना पुलिस को दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी 70–80 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। इसके बाद उन्हें पूवर्ती से सुकमा लाया गया।

देर रात तक चली पूछताछ के बाद पुलिस ने सभी लोगों को रिहा कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, एहतियातन कार्रवाई की गई थी ताकि क्षेत्र में किसी प्रकार का तनाव या कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

इधर, बाहरी लोगों के इस तरह आने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। उनका कहना था कि दोबारा यहां आने की जरूरत नहीं है, जो करना है वह स्थानीय लोग खुद कर लेंगे। ग्रामीणों ने बाहरी हस्तक्षेप से क्षेत्र का माहौल खराब करने की कोशिश न करने की चेतावनी भी दी।

स्थानीय विरोध के चलते हिड़मा के नाम पर माहौल बनाने की कोशिश करने वालों को ग्रामीण स्तर पर कड़ा प्रतिरोध झेलना पड़ा। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

Related Articles

Back to top button