चाम्पा के एक प्रतिष्ठित उद्योगपति से 21 लाख की वसूली लेकर कर्मचारी लापता, थाने में मामला दर्ज

चांपा। चांपा थाना क्षेत्र से एक गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक व्यापारी की फर्म में कार्यरत कर्मचारी 21 लाख रुपये की वसूली लेकर रहस्यमय तरीके से लापता हो गया है। घटना के बाद पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर चांपा थाना में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चांपा नगर के प्रतिष्ठित व्यापारी राजेंद्र अग्रवाल ने 9 जनवरी 2026 की रात चांपा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी फर्म अरविंद इंडस्ट्रीज, चांपा में जनरल सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हरीश देवांगन, निवासी चांपा, पिछले 3–4 वर्षों से फर्म में कार्यरत था और वसूली का कार्य संभालता था।
शिकायत में बताया गया कि 9 जनवरी की सुबह करीब 10:30 बजे हरीश रोज की तरह राशि कलेक्शन के लिए निकला था। वह आमतौर पर शाम 4 बजे तक फर्म लौट आता था, लेकिन उस दिन वह वापस नहीं लौटा। जानकारी के मुताबिक, हरीश ने
-
सक्ती से करीब 16 लाख रुपये,
-
बाराद्वार (ठठारी) से करीब 5 लाख रुपये,
की वसूली की थी। इस तरह उसके पास कुल 21 लाख रुपये थे।
देर शाम तक हरीश के वापस न लौटने पर फर्म संचालक ने उससे मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद परिजनों और परिचितों से पूछताछ की गई, बावजूद इसके हरीश का कोई सुराग नहीं मिल पाया। अंततः व्यापारी ने थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही चांपा पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली है कि हरीश देवांगन को आखिरी बार घाटोली चौक के पास देखा गया था। पुलिस उसके मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल्स और संपर्कों की बारीकी से जांच कर रही है।






