देश- विदेश

में गैस सिलेंडर फटने से हुआ दर्दनाक हादसा, कई बच्चे चपेट में

बिहार : फतुहा थाना अन्तर्गत सुलतानगंज गांव में मंगलवार की शाम करीब छह बजे विवाह के बाद चौथारी का खाना बनाने के दौरान रसोई गैस सिलेंडर में अचानक आग लगने से सिलेंडर जोरदार आवाज के साथ फट गया। करकट की छत तोड़ते हुए सिलेंडर का टुकड़ा बाहर फैल गया। इस घटना में शादी समारोह में आए 14 महिला, पुरुष, बच्चे जख्मी हो गए। अधिकांश का हाथ, पैर और चेहरा जला है। शादी के घर में देखते ही देखते चीख पुकार मच गई। गांव के लोग भारी संख्या में मौके पर पहुंच गए। सभी घायलों को इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कालेज अस्पताल ले जाया गया। जख्मियों के साथ तथा बाद में अस्पताल पहुंचे स्वजनों के बीच रोना-बिलखना मचा रहा। इमरजेंसी तथा ओटी में जख्मियों को ले जाकर प्राथमिक उपचार किया गया।

advertisement अस्पताल में मौजूद गृहस्वामी नवल महतो ने बताया कि पुत्री मधु का कन्हाई संग सात मार्च को विवाह हुआ था। दोनों सबलपुर स्थित ससुराल में थे। इधर, घर आए मेहमानों के लिए मंगलवार की शाम चौथारी का खाना बन रहा था। इसी क्रम में रसोई के समीप माचिस जलाते ही चौदह किलो वाले रसोई गैस सिलेंडर में आग पकड़ लिया। मौजूद लोगों ने कंबल, पानी डाल कर आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान कई लोगों का हाथ जल गया। अचानक तेज आवाज के साथ सिलेंडर फट गया। आग से घर-परिवार के ही चौदह लोग जख्मी हो गए। अखिलेश महतो का पैर बुरी तरह से जल जाने के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई है।

अधीक्षक बोली- किसी को भर्ती करने की आवश्यकता नहीं एनएमसीएच की अधीक्षक प्रो. डा. अलका सिंह ने बताया कि एनएमसीएच इमरजेंसी में जख्मी ग्यारह लोगों का इलाज चल रहा है। जलने का प्रतिशत अधिकतम 15 से 20 प्रतिशत है। प्राथमिक उपचार के बाद तीन मरीज अनिता, सोनू, ईशु को घर भेज दिया गया। अन्य का उपचार जारी है। अधीक्षक ने बताया कि किसी को भर्ती करने की आवश्यकता नहीं है। इलाज के लिए दवाइयों की कमी नहीं है। वहीं, मरीज के स्वजन उमेश महतो, नवल महतो ने बताया कि इलाज के लिए कई दवाइयां खरीद कर लानी पड़ रही है। इमरजेंसी रजिस्टार डा. जावेद अख्तर एवं अस्पताल प्रबंधक प्रणव कुमार ने कहा कि हाथ, पैर, चेहरा तथा शरीर का अन्य हिस्सा मामूली रूप से जख्मी हुआ है।

Related Articles

Back to top button