CG News: उफनते नाले में फंसी पुलिस की बोलेरो, दो अधिकारी और चालक की अटकी जान; रेस्क्यू कर बचाया

नारायणपुर, 30 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई जिलों में हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। नदी-नाले उफान पर हैं और कई जगह पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बह रहा है। इसी बीच नारायणपुर जिले से पुलिस वाहन के उफनते नाले में फंसने का मामला सामने आया है। ब्रेहबेड़ा नाले में तेज बहाव के बीच पुलिस की सरकारी बोलेरो फंस गई। वाहन में दो पुलिस अधिकारी और चालक सवार थे। सूचना मिलने के बाद रेस्क्यू टीम ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
तेज बहाव के बीच नाले में फंसी बोलेरो
जानकारी के मुताबिक, घटना बुधवार की है। भारी बारिश के बीच पुलिस के दो अधिकारी और चालक बोलेरो से निकले थे। इस दौरान क्षेत्र के नदी-नाले तेज बारिश के चलते उफान पर थे।
बताया जा रहा है कि नारायणपुर के ब्रेहबेड़ा नाले को पार करते समय तेज बहाव के बीच बोलेरो फंस गई। स्थिति बिगड़ती देख चालक किसी तरह वाहन से बाहर निकला और पास के एक पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचाई। वहीं, दोनों पुलिस अधिकारी बोलेरो के अंदर ही फंस गए।
कड़ी मशक्कत के बाद दोनों अधिकारियों का रेस्क्यू
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। नाले में तेज बहाव होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण रहा। टीम ने सावधानीपूर्वक अभियान चलाते हुए दोनों पुलिस अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। रेस्क्यू के बाद अधिकारियों और चालक को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।






