जांजगीर-चांपा: आदतन बदमाश अजय अनंत 1 वर्ष के लिए जिला बदर

जांजगीर-चांपा। थाना चांपा क्षेत्र के कुख्यात बदमाश अजय अनंत निवासी कोटाडबरी को जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 वर्ष के लिए जिला बदर कर दिया है। यह आदेश माननीय जिला दंडाधिकारी एवं कलेक्टर जांजगीर-चांपा द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 3 एवं 5 के तहत जारी किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी अजय अनंत के खिलाफ 10 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें लूट, चोरी, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं। इसके अलावा उसके विरुद्ध 8 प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है। इसके बावजूद उसकी आपराधिक गतिविधियों में कोई सुधार नहीं हुआ और वह लगातार अपराध करता रहा।
आरोपी की दुस्साहसी और आक्रामक प्रवृत्ति से आम जनता में भय और आक्रोश का माहौल था। लोग उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने में भी हिचकिचाते थे। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक ने विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर कलेक्टर को भेजा, जिसके बाद जिला बदर की कार्रवाई की गई।
अब आरोपी को जांजगीर-चांपा जिले सहित सक्ती, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा और बलौदा बाजार से भी एक वर्ष के लिए जिला बदर किया गया है।






