ग्राम कुलीपोटा में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम, राहवीर योजना की दी गई जानकारी

जांजगीर-चांपा, 20 जुलाई। जिले में सड़क सुरक्षा और जागरूकता को लेकर चलाए जा रहे जन अभियान के तहत आज थाना जांजगीर क्षेत्र के ग्राम कुलीपोटा में एक विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) स्वयं शामिल हुए और राहवीर योजना समेत सड़क सुरक्षा के अन्य पहलुओं पर आमजन को जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान लगभग 200 लोग शामिल हुए। विशेष रूप से महिला कमांडो दल का गठन किया गया और उन्हें टोपी व सीटी वितरित की गई। साथ ही सड़क सुरक्षा मितान भी बनाए गए, जिन्हें मेडिकल किट और टोपी प्रदान की गई।
राहवीर योजना के फायदे बताए गए
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि “राहवीर योजना” एक स्वैच्छिक नागरिक सहायता कार्यक्रम है, जिसके तहत अगर कोई भी व्यक्ति किसी गंभीर सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाता है, तो उसे 25 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। साथ ही, उसे कानूनी पूछताछ से भी मुक्त रखा जाता है।






