छत्तीसगढ़

नेशनल हाईवे-30 पर भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, 5 की मौके पर मौत, 2 गंभीर

कोण्डागांव। फरसगांव इलाके में बीती रात नेशनल हाईवे-30 पर दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो खड़े ट्रक से जा टकराई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो में सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जगदलपुर रेफर किया गया है।

बड़ा डोंगर लौट रहे थे सभी यात्री

मिली जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो में कुल 12 लोग सवार थे, जो कोंडागांव से अपने गृह ग्राम बड़ा डोंगर (भैंसाबेड़ा) लौट रहे थे। दुर्घटना मसौरा टोल प्लाजा के पास हुई, जो कोंडागांव सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में आता है।

हादसे के बाद अफरा-तफरी

टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो के आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद पुलिस व एंबुलेंस टीम ने सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

सभी मृतक फरसगांव क्षेत्र के निवासी

प्राप्त जानकारी के मुताबिक हादसे में मृत सभी लोग फरसगांव क्षेत्र के बड़ा डोंगर और भैंसाबेड़ा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। परिजन और स्थानीय ग्रामीण घटना से सदमे में हैं।

Related Articles

Back to top button