छत्तीसगढ़

नर्सरी में गर्लफ्रेंड संग मिले फॉरेस्ट गार्ड की बेरहमी से पिटाई, वर्दी में ठुमके लगवाकर बनाया वीडियो

सूरजपुर। जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां फॉरेस्ट गार्ड को उसकी गर्लफ्रेंड के साथ नर्सरी में बैठा देख कुछ युवकों ने न सिर्फ उससे जबरन डांस करवाया, बल्कि बेल्ट और डंडों से जमकर पिटाई भी कर दी। पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया है।

देवनगर नर्सरी में हुई घटना

जानकारी के अनुसार फॉरेस्ट गार्ड बुधराम पैकरा अपनी महिला मित्र के साथ देवनगर स्थित नर्सरी में बैठकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और दोनों को साथ देख लिया।

बताया जा रहा है कि युवकों ने पहले मोबाइल पर गाना बजाकर गार्ड से डांस करने को कहा। जब वह ठीक से डांस नहीं कर पाया तो युवकों ने उसे फटकारा और फिर गर्लफ्रेंड के सामने ही बेल्ट और डंडों से बेरहमी से पीट दिया।

वर्दी में ही की पिटाई, मदद की गुहार लगाता रहा गार्ड

मारपीट के दौरान बुधराम पैकरा वर्दी में था। वीडियो में वह एक युवक को ‘राजू भैया’ कहकर बचाने की गुहार लगाता नजर आ रहा है। पिटाई के बाद युवकों ने उसे वहां से भगा दिया और महिला को घर भेज दिया।

रिश्तेदारों पर आरोप, नौकरी छोड़ने की धमकी

बताया जा रहा है कि मारपीट करने वाले कुछ युवक युवती के रिश्तेदार हैं। उन्होंने गार्ड को नौकरी छोड़ने तक की धमकी दी और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

शिकायत नहीं, लेकिन विभाग सख्त

इस मामले में अब तक पीड़ित की ओर से पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

वहीं वायरल वीडियो सामने आने के बाद डीएफओ डीपी साहू ने फॉरेस्ट गार्ड को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।

23 फरवरी का बताया जा रहा वीडियो

घटना 23 फरवरी की बताई जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button