जांजगीर-चांपा पुलिस की अनुकरणीय पहल: सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए लग रहे हैं यातायात जागरूकता होर्डिंग बोर्ड

जांजगीर-चांपा, 10 नवंबर 2025। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री उदयन बेहार के नेतृत्व में जिले के प्रमुख स्थानों पर यातायात जागरूकता संबंधी होर्डिंग बोर्ड लगाए जा रहे हैं।
यह अभियान सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और दुर्घटना जन्य क्षेत्रों में सड़क हादसों की संख्या कम करने के लिए शुरू किया गया है। प्रारंभिक चरण में जिले के 5 प्रमुख स्थानों पर ऐसे होर्डिंग लगाए जा रहे हैं, जिनमें पहला बोर्ड जांजगीर-चांपा मुख्य मार्ग पर मड़वा प्लांट जाने वाले रास्ते के पास दर्राभाठा में लगाया गया है। आने वाले महीनों में लगभग 20 स्थानों पर और भी जागरूकता बोर्ड लगाने की योजना है।
यातायात जागरूकता बोर्ड का उद्देश्य
इन ट्रैफिक अवेयरनेस होर्डिंग बोर्ड का मुख्य उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना और सड़क सुरक्षा में सुधार लाना है।
इन बोर्डों पर लिखे संदेश रात्रि में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देते हैं, ताकि हर राहगीर और वाहन चालक को सावधानी बरतने की याद दिलाई जा सके।






