पेट्रोल पंप में 65 लाख की गबन का मामला: पिता-पुत्र समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, जुआ-सट्टे में उड़ाए थे रुपए

जांजगीर-चांपा। जिले के बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में स्थित एक पेट्रोल पंप से 65 लाख रुपए के गबन का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई करते हुए पिता-पुत्र समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 50 हजार रुपए नकद, एक मोटरसाइकिल और एक ट्रैक्टर जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम —
1️⃣ नीरज कुमार साहू (28 वर्ष)
2️⃣ धीरज कुमार साहू (23 वर्ष)
3️⃣ लोचन प्रसाद साहू (50 वर्ष)
सभी निवासी बरगड़ी, थाना बम्हनीडीह, जिला जांजगीर-चांपा के हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी गगन जयपुरिया, मालिक प्योर पेट्रोलियम पेट्रोल पंप (सारागांव रोड) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 जनवरी 2025 से 23 सितंबर 2025 के बीच कर्मचारी नीरज कुमार साहू ने षड्यंत्रपूर्वक 65 लाख रुपए का गबन किया। इस गबन में उसके पिता लोचन प्रसाद और भाई धीरज ने भी सहयोग किया।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे (IPS) के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में साइबर टीम व थाना बम्हनीडीह की संयुक्त टीम ने रायपुर से मुख्य आरोपी नीरज साहू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने मालिक की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर पूरे पेट्रोल पंप का हिसाब खुद संभाला और धीरे-धीरे रकम गबन कर जुआ-सट्टे में गंवा दी।






