कोरबा में बर्थडे पार्टी बनी मौत की वजह: रिसॉर्ट में विवाद के बाद ट्रांसपोर्टर को कैंपर से कुचलकर हत्या, आरोपी फरार

कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिसॉर्ट में आयोजित एक बर्थडे पार्टी के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पार्टी में शामिल एक ट्रांसपोर्टर ने कथित रूप से अपने साथी को कैंपर वाहन से कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान दीपका के गरुणनगर निवासी 35 वर्षीय उज्जवल सिंह के रूप में हुई है। वह विवाहित था और उसके बच्चे भी हैं। वहीं, आरोपी की पहचान 24 वर्षीय तुषार ढांढा के रूप में हुई है।
बर्थडे पार्टी में शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात दीपका क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट कारोबारी विकास कुमार हुड्डा का जन्मदिन मनाने के लिए 20 से 25 युवक उरगा क्षेत्र स्थित मीरा रिसॉर्ट पहुंचे थे। पार्टी में शामिल अधिकांश लोग कोयला परिवहन के व्यवसाय से जुड़े बताए जा रहे हैं।
देर रात करीब 1:30 बजे किसी मामूली बात को लेकर युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि शराब के नशे में तुषार ढांढा ने रिसॉर्ट में सामान तोड़फोड़ की और वहां मौजूद लोगों से भी विवाद किया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
कैंपर वाहन से कुचलकर हत्या
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान तुषार ढांढा ने गुस्से में कैंपर वाहन उज्जवल सिंह की ओर दौड़ा दिया। वाहन की चपेट में आने से उज्जवल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पार्टी में शामिल युवकों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए हैं।
पुलिस ने आरोपी तुषार ढांढा के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की है। साथ ही मीरा रिसॉर्ट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं तथा जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






