छत्तीसगढ़

भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: एसीबी ने चांपा SDM कार्यालय में अमीन पटवारी और ऑपरेटर को ₹1.80 लाख रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा

जांजगीर-चांपा, 30 अक्टूबर। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर की टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एसडीएम कार्यालय चांपा के भू-अर्जन शाखा में पदस्थ अमीन पटवारी बिहारी सिंह और ऑपरेटर राजकुमार देवांगन को ₹1.80 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। दोनों अधिकारी-कर्मचारी एक किसान से जमीन अधिग्रहण मुआवजा राशि दिलाने में सहयोग के नाम पर रिश्वत की मांग कर रहे थे।

ग्राम रायपुरा (जिला सक्ती) निवासी किसान बुधराम धीवर ने 16 अक्टूबर को एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी और उसकी बहन की ग्राम कोसमंदा स्थित जमीन राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के लिए अधिगृहित की गई थी। इसके बदले उन्हें अगस्त 2025 में ₹35,64,099 की मुआवजा राशि संयुक्त बैंक खाते में प्राप्त हुई थी। मुआवजा जारी होने के बाद भू-अर्जन शाखा के अमीन पटवारी और ऑपरेटर ने किसान से ₹1.80 लाख की रिश्वत की मांग की थी।

किसान ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद सत्यापन प्रक्रिया पूरी की गई। आज, 30 अक्टूबर को एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाकर किसान को तय रकम के साथ कार्यालय भेजा। जैसे ही आरोपी अमीन पटवारी ने रकम अपने हाथ में ली, एसीबी टीम ने दबिश देकर दोनों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मौके से पूरी रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई। यह कार्रवाई डीएसपी एसीबी अजितेश सिंह के नेतृत्व में की गई।

Related Articles

Back to top button