बाबा साहब और सतनामी समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, बलौदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में धार्मिक एवं सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के मामले में बलौदा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रामगोपाल डहरिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 18 मई 2026 की रात आरोपी अजीत कुमार गढ़ेवाल ने बातचीत के दौरान भारतीय संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर, अम्बेडकरवादी साथियों तथा सतनामी समाज के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की, जिससे धार्मिक एवं सामाजिक भावनाएं आहत हुईं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में थाना बलौदा प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 एवं 299 के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान अजीत कुमार गढ़ेवाल (38 वर्ष) निवासी बुचीहरदी, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, सउनि रामदुलार साहू, कौशल सिदार, आरक्षक रज्जू रात्रे, टिकेश्वर राठौर, संदीप सोनंत एवं ढोल सिंह धीरहे की सराहनीय भूमिका रही।






