सुने मकान में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, जांजगीर पुलिस की त्वरित कार्रवाई

जांजगीर। जांजगीर पुलिस ने सुने मकान में चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी दीपक यादव (28) निवासी अमरैया पारा, जांजगीर को थाना जांजगीर पुलिस ने धर दबोचा।
पीड़िता, जो मिशन कंपाउंड के पास जांजगीर की निवासी है, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 जनवरी को वह घर में ताला लगाकर धुरकोट चली गई थी। 28 जनवरी को लौटने पर उसने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और गैस चूल्हा, टीवी, आयरन, कुकर, सिलाई मशीन और 1000 रुपये नकद चोरी हो गए हैं। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना जांजगीर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को पकड़ा। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर चोरी करने की बात कबूल की। चोरी का सामान बरामद कर लिया गया और आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी और थाना जांजगीर पुलिस टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।






