छत्तीसगढ़ के स्टूडेंट बोले-किर्गिस्तान में हम सुरक्षित, फिक्र न करें:छात्रों के लिए अब हालात सामान्य; एंबेसी ने प्रोटोकॉल और हेल्पलाइन नंबर जारी किया

किर्गिस्तान में रहकर पढ़ाई कर रहे भारतीय छात्र अब सुरक्षित हैं। इंडियन एंबेसी ने उनके लिए कई प्रोटोकॉल जारी किए हैं। एंबेसी छात्रों के कॉलेज और यूनिवर्सिटी का दौरा कर रही है और उन्हें प्रोटोकॉल की जानकारी दी जा रही है। यहां छत्तीसगढ़ के ही 5 सौ से ज्यादा छात्र पढ़ाई कर रहे हैं।
रायपुर से मेडिकल की पढ़ाई करने किर्गिस्तान गए हर्ष थवाईत ने दैनिक भास्कर से बताया कि यहां हालात अभी सामान्य होने लगे हैं और छत्तीसगढ़ के सभी छात्र सुरक्षित हैं। परिवहन या लोगों की आवाजाही पर कोई रोक टोक नहीं है। हालांकि, एहतियातनर क्लासेस ऑनलाइन मोड पर चल रही हैं।
हर्ष ने बताया कि भारतीय छात्र किर्गिज गणराज्य के कई शहरों में फैले हुए हैं, लेकिन उनमें से ज्यादातर बिश्केक में हैं। बुधवार शाम इंडियन एंबेसी से लोग उनके कॉलेज भी पहुंचे थे और छात्रों को प्रोटोकॉल फॉलो करने कहा है। वहीं सीएम साय ने भी छात्र विजय और छात्रा शिवानी से बात की। शिवानी ने वीडियो जारी कर सीएम का आभार जताया है।






