छत्तीसगढ़

भीषण सड़क हादसा, छत्तीसगढ़ के 9 लोगों की मौत; CM साय, विजय शर्मा और भूपेश बघेल ने जताया दुख

रायपुर। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं। हादसे की खबर से छत्तीसगढ़ में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुर्घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

CM साय ने कहा- सरकार प्रभावित परिवारों के साथ

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हादसे को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे में घायल छत्तीसगढ़ के नागरिकों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए छत्तीसगढ़ से अधिकारियों की एक टीम घटनास्थल के लिए भेजी गई है। महाराष्ट्र सरकार और स्थानीय प्रशासन के साथ भी लगातार समन्वय किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार इस मुश्किल घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

विजय शर्मा ने जताया दुख, 14 घायलों के लिए सहायता के निर्देश

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने बताया कि भंडारा में नागपुर-रायपुर राजमार्ग पर हुए हादसे में कवर्धा और राजनांदगांव जिले के तीन मासूम बच्चों समेत 9 लोगों की मौत हुई है। वहीं, 14 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी है।

विजय शर्मा ने कहा कि हादसे की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर घटना की जानकारी ली गई। घायलों के उपचार और आवश्यक सहायता के लिए हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Related Articles

Back to top button