जांजगीर-चांपाशिक्षा – रोज़गार

ओ.डी. दीवान मेमोरियल स्कूल में राखी के धागे में बंधा सुरक्षा का वचन

छात्राओं ने पुलिसकर्मियों की कलाई सजाई, यातायात नियमों की भी ली सीख

 

बम्हनीडीह /सोंठी । रक्षाबंधन के पावन पर्व पर ओ.डी. दीवान मेमोरियल स्कूल, सोंठी में भावनात्मक एवं जागरूकता से जुड़ा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय की छात्राओं ने यातायात पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं जवानों की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें रक्षा सूत्र बांधा और समाज में सुरक्षा एवं भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम के लिए यातायात पुलिस की टीम विद्यालय पहुंची। यातायात प्रभारी प्रदीप कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को रक्षाबंधन के सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए बालिका सुरक्षा के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग तथा सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने की सीख दी।
छात्राओं द्वारा पुलिसकर्मियों को राखी बांधने के बाद पुलिस अधिकारियों ने उन्हें उपहार भेंट किए और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर यातायात विभाग से तिलेश्वर चंद्रा, जी.आर. पैंकरा सहित पुलिस विभाग का स्टाफ मौजूद रहा।
विद्यालय के चेयरमैन महेंद्र धर दीवान, डायरेक्टर तन्मय धर दीवान एवं प्राचार्या रजनी दुबे ने यातायात पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान राखी मेकिंग, गिफ्ट रैपिंग, थाली सजावट एवं पॉप-अप कार्ड मेकिंग प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यालय की इस पहल से विद्यार्थियों में पुलिस विभाग के प्रति सम्मान बढ़ाने के साथ-साथ बालिका सुरक्षा, आत्मविश्वास और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता का संदेश भी पहुंचा।

Related Articles

Back to top button