छत्तीसगढ़

CG Road Accident: भीषण सड़क हादसा, बिजली के खंभे से टकराई तेज रफ्तार कार, इंजीनियरिंग छात्रा की मौत, 5 घायल

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में इंजीनियरिंग की छात्रा की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के हिंदू होटल के पास हुई। डौंडी नगर के बंधियापारा निवासी रंजीत सिंह पाटिल अपने परिवार के सदस्यों के साथ चिपरा गांव में आयोजित चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय उनकी स्विफ्ट कार (CG 07 BM 1040) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई।

इंजीनियरिंग छात्रा की मौके पर मौत

हादसे में 21 वर्षीय शारदा पाटिल की मौके पर ही मौत हो गई। शारदा बिलासपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थीं और अपने बुआ की शादी में शामिल होने के लिए घर आई थीं। उनकी असमय मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पांच लोग गंभीर रूप से घायल

हादसे में कार सवार पांच अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना पर दल्लीराजहरा पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button