CG Weather Today: अगले 48 घंटे छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में झमाझम बारिश के आसार
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और प्रदेशभर में लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तरी और मध्य क्षेत्रों के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटे में कई जिलों में अच्छी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई। मनेन्द्रगढ़ में सबसे अधिक 8 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा बिल्हा और मैनपुर में 7-7 सेंटीमीटर, पटना में 6 सेंटीमीटर तथा मुंगेली, गरियाबंद, जनकपुर-भरतपुर, रामानुजगंज, बैकुंठपुर, लोरमी, मगरलोड और चिरमिरी सहित कई क्षेत्रों में 5 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई।
वहीं नगरी, रतनपुर, हरदीबाजार, बलौदा बाजार, भाटापारा समेत कई स्थानों पर 4 सेंटीमीटर तथा धमतरी, दर्री, बीजापुर, पिथौरा, सकरी और पौड़ी उपरोड़ा सहित अनेक इलाकों में 3 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में सोमवार को मौसम सुहावना रहने की संभावना है। दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
इन मौसम प्रणालियों का दिख रहा असर
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड और उससे सटे बिहार के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा उत्तरी बिहार से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक एक द्रोणिका बनी हुई है। वहीं उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिणी छत्तीसगढ़ के ऊपर भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है।






