छत्तीसगढ़
पटवारी कार्यालय में शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट के आरोप में चार गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 2 जुलाई 2026।
जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना पुलिस ने ग्राम किकिरदा स्थित पटवारी कार्यालय में शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, दस्तावेजों से छेड़छाड़ तथा शासकीय कर्मचारी से मारपीट के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 30 जून को पटवारी कार्यालय में कार्य के दौरान चार आरोपी जबरन कार्यालय में घुस गए, शासकीय दस्तावेजों से छेड़छाड़ की और विरोध करने पर कर्मचारी के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट की। शिकायत पर बिर्रा थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।






