छत्तीसगढ़

सक्ती में डबल मर्डर से सनसनी: बुजुर्ग दंपत्ति की सिर कुचलकर हत्या, गांव में दहशत

सक्ती। जिले के सेन्दुरस गांव में बुजुर्ग दंपत्ति की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई है। मंगलवार रात अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर दंपत्ति की सिर कुचलकर हत्या कर दी। बुधवार सुबह घटना का खुलासा होने के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

मृतकों की पहचान 70 वर्षीय पुरुषोत्तम खूंटे और उनकी 55 वर्षीय पत्नी गोहारिन बाई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह एक पड़ोसी महिला उनके घर पहुंची, जहां दोनों के शव खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैंकरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के लिए डॉग स्क्वायड और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस जमीन विवाद, पुरानी रंजिश, लूटपाट समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button