संजय सिंह राठौर बने बम्हनीडीह के एबीईओ, शिक्षा विभाग का अहम फैसला


जांजगीर-चांपा। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश के तहत शिक्षा विभाग में महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव किया गया है। जारी आदेश के अनुसार शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय अमोरा में पदस्थ शिक्षक संजय सिंह राठौर को विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बम्हनीडीह में सहायक विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी (ABEO) के रिक्त पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
बताया गया है कि यह आदेश कलेक्टर की स्वीकृति के पश्चात जारी किया गया है। नई जिम्मेदारी के तहत राठौर अब बम्हनीडीह विकासखण्ड में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय नवा रायपुर, कलेक्टर जांजगीर-चांपा, संयुक्त संचालक शिक्षा विभाग बिलासपुर सहित संबंधित अधिकारियों को सूचनार्थ पत्र भेजा गया है। वहीं अमोरा स्कूल के प्राचार्य एवं प्रधान पाठक को भी आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा विभाग के इस फैसले को स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक कार्यों में गति लाने और व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





