पुलिस कार्यालय में जहर सेवन मामला, शिकायत पर दबाव बनाने आत्महत्या का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर। पुलिस कार्यालय में जहर सेवन कर आत्महत्या का प्रयास करने वाले युवक पर कोतवाली पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। आरोपी टिकेश्वर उर्फ टी.आर. साहू (23) निवासी मड़वा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
घटना 23 अप्रैल की है, जब आरोपी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और जबरन अंदर घुसने की कोशिश करने लगा। रोकने पर उसने पुलिसकर्मियों से विवाद किया। तलाशी के दौरान उसके पास कीटनाशक दवा मिली, जिसे सेवन करने की बात उसने खुद स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी झूठी शिकायतों के मामलों में इस तरह की हरकत कर चुका है। जांच में उसकी शिकायतें अप्रमाणित पाई गई थीं। इस बार भी उसने कार्रवाई के लिए दबाव बनाने जहर सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया।
मामले में कोतवाली थाना में BNS की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई की गई है। आरोपी को अस्पताल में उपचार के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।






