छत्तीसगढ़

चांपा में प्रकाश इंडस्ट्रीज प्लांट में ब्लास्ट, कई मजदूर घायल, अफरा-तफरी

जांजगीर-चांपा — जिले के चांपा स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्लांट में एक बार फिर बड़ा हादसा सामने आया है। शुक्रवार को प्लांट की एक भट्टी में अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कई मजदूरों के घायल होने की सूचना है, हालांकि घायलों की सटीक संख्या अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

ब्लास्ट के बाद मची भगदड़, एम्बुलेंस की लगी कतार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि प्लांट परिसर में काम कर रहे मजदूरों में दहशत फैल गई। घटना के तुरंत बाद 4 से 5 एम्बुलेंस को प्लांट के अंदर जाते देखा गया। घायल मजदूरों को जल्दबाजी में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पहले भी हो चुके हैं हादसे, सुरक्षा पर उठे सवाल
सूत्रों के मुताबिक, यह पहली बार नहीं है जब प्लांट में इस तरह की घटना हुई है। इससे पहले भी कई हादसे सामने आ चुके हैं, जिनमें प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगे थे। हाल ही में औद्योगिक सुरक्षा विभाग द्वारा निरीक्षण और कार्रवाई भी की गई थी, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल बरकरार हैं।

प्रशासन ने संभाला मोर्चा, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभाग मौके पर पहुंच गए हैं। हालात पर नजर रखी जा रही है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
फिलहाल घायलों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। प्रशासन की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button