छत्तीसगढ़

डोंगरगढ़ थाना फिर विवादों में, वायरल वीडियो ने खड़े किए गंभीर सवाल

डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले का डोंगरगढ़ थाना एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक कथित वीडियो ने पुलिस की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन इसमें दिखाई दे रहे घटनाक्रम ने पूरे मामले को बेहद संवेदनशील बना दिया है।

वायरल वीडियो में वर्दीधारी पुलिसकर्मियों पर “लेन-देन” कर मामलों को निपटाने के आरोप लगाए जा रहे हैं। वीडियो के शुरुआती हिस्से में एक एएसआई, जिसे खूंटे नाम से पहचाना जा रहा है, थाने के भीतर अपने मोबाइल में एक महिला की तस्वीर को ज़ूम कर देखता नजर आता है। इस दृश्य ने पुलिसकर्मियों के आचरण पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इसके बाद वीडियो में एक आरक्षक थाने के भीतर आता दिखाई देता है, जो कथित तौर पर नगदी लेकर अपनी जेब में रखता है। आरोप यह भी है कि एएसआई बाद में संबंधित व्यक्ति से और पैसे की मांग करता है और मामले को सुलझाने की बात करता है।

इस पूरे घटनाक्रम ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि यदि यह सब थाना परिसर के भीतर हो रहा था, तो क्या थाना प्रभारी को इसकी जानकारी नहीं थी, या फिर यह सब उनकी जानकारी में ही हो रहा था? यदि वीडियो की पुष्टि होती है, तो कार्रवाई केवल निचले स्तर तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि जिम्मेदारी तय करते हुए उच्च अधिकारियों की भूमिका की भी जांच आवश्यक है।

स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर नाराजगी और अविश्वास का माहौल है। जनता के बीच यह सवाल उठ रहा है कि क्या वर्दी की आड़ में कथित सौदेबाजी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

इधर, पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित एएसआई और आरक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।

Related Articles

Back to top button