छत्तीसगढ़

‘शेकरू’ का शिकार: युवक ने 9 दुर्लभ गिलहरियों को मारकर बनाई रील, गिरफ्तार

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से वन्यजीव संरक्षण को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने महाराष्ट्र के राजकीय पशु ‘शेकरू’ (बड़ी गिलहरी) का शिकार कर उसे सोशल मीडिया पर रील बनाकर वायरल कर दिया।

जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक ने 9 शेकरू का शिकार किया और इसके बाद हिड़मा के गाने पर वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपी और उसके साथियों ने इन दुर्लभ गिलहरियों को पकाकर खा भी लिया।

वीडियो वायरल होते ही हरकत में आया वन विभाग

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद वन विभाग हरकत में आया। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक के घर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

10 अन्य आरोपियों की तलाश जारी

वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक इस शिकार में युवक के अलावा करीब 10 अन्य लोग भी शामिल थे, जिनकी तलाश की जा रही है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

दुर्लभ प्रजाति के शिकार से बढ़ी चिंता

‘शेकरू’ एक दुर्लभ वन्यजीव है और इसके शिकार पर कड़ी कानूनी पाबंदी है। इस घटना के सामने आने के बाद वन्यजीव संरक्षण को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला दंतेवाड़ा जिले के बारसूर थाना क्षेत्र का है, जहां वन विभाग अब इस मामले में सख्त कार्रवाई की तैयारी में जुटा हुआ है।

Related Articles

Back to top button