नशीली कैप्सूल तस्करी मामले में चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो और आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। अवैध नशीली कैप्सूल की बिक्री के मामले में थाना चांपा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले की एंड-टू-एंड विवेचना करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के पास से 880 नग नशीली कैप्सूल, जिसकी कीमत करीब 8,200 रुपये बताई जा रही है, बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 10 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल से कोरबा की ओर से कोसमंदा गांव की तरफ भारी मात्रा में नशीली कैप्सूल लेकर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने कोसमंदा रोड पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम रामकिशोर कश्यप और प्रदीप पटेल बताया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 469 स्ट्रिप में कुल 3,752 नशीली कैप्सूल, एक पल्सर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 200 रुपये नकद बरामद किए गए थे। दोनों को पहले ही न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
मामले की आगे की जांच के दौरान पुलिस ने प्रकाश चौहान और सुनील विश्वकर्मा उर्फ शिबू को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रकाश चौहान (32) निवासी जेपी कॉलोनी रामनगर कोरबा और सुनील विश्वकर्मा उर्फ शिबू (27) निवासी रामसागर पारा, वार्ड नंबर 2 कोरबा शामिल हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक Vijay Kumar Pandey के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, एएसआई विवेक सिंह, एएसआई भुनेश्वर राठौर, आरक्षक मुद्रिका दुबे और थाना स्टाफ की टीम ने की।






