सनसनीखेज हत्या: दो बच्चों की मां ने शादीशुदा प्रेमी संग मिलकर पति की कर दी हत्या

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दो बच्चों की मां ने अपने शादीशुदा बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। महिला अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती थी और इसी वजह से दोनों ने मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची। बताया जा रहा है कि दोनों ने छिपकर शादी भी कर ली थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हत्या की योजना के तहत महिला के प्रेमी ने अपने पति को बलरामपुर बुलाया। जैसे ही वह वहां पहुंचा, आरोपी ने धारदार हथियार (खुरपी) से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को नदी के दूसरे किनारे ले जाकर रेत के नीचे दबा दिया। इतना ही नहीं, पहचान छिपाने के लिए मृतक का मोबाइल फोन और अन्य निजी सामान भी छिपा दिया गया। हत्या के बाद आरोपी सामान्य जीवन जीता रहा, ताकि किसी को शक न हो।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर महिला और उसके बॉयफ्रेंड को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने हत्या की साजिश और वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। यह मामला बलरामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सतिसेमर का बताया जा रहा है। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग इस निर्मम हत्या को लेकर स्तब्ध हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।






