छत्तीसगढ़

बचेली वन परिक्षेत्र में बाघ की दहशत, गाय के शिकार के बाद दर्जनभर गांवों में अलर्ट

दंतेवाड़ा। बचेली वन परिक्षेत्र में बाघ की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है। भांसी इलाके में गाय के शिकार की घटना सामने आने के बाद जंगल से सटे गांवों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है। ग्रामीणों द्वारा बाघ की गतिविधियों की सूचना वन विभाग को दिए जाने के बाद मौके पर जांच की गई, जिसमें शिकार की पुष्टि होते ही पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया।

गांव-गांव मुनादी, लोगों को किया जा रहा सतर्क
बाघ की मौजूदगी को देखते हुए दर्जनभर से अधिक गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है। वन विभाग की ओर से लोगों को अकेले जंगल न जाने और मवेशियों को खुले में न छोड़ने की सख्त हिदायत दी गई है।

वन अमले की तैनाती बढ़ी, लगातार गश्त
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन कर्मियों की तैनाती बढ़ा दी गई है और क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है। रेलवे ट्रैक से होकर गुजरने वाले कर्मचारियों को भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

डीएफओ ने की बाघ की मौजूदगी की पुष्टि
डीएफओ रंगनाधा रामकृष्णा ने बाघ की मौजूदगी के प्रमाण मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि हालात पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से किसी भी वन्य गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील की है।

मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकना प्राथमिक लक्ष्य
वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान स्थिति में प्राथमिक लक्ष्य मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकना है। सुरक्षा के मद्देनजर सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों की जान-माल सुरक्षित रह सके।

Related Articles

Back to top button