जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 30 करोड़ की ठगी करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले की अकलतरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शेयर मार्केट और रियल एस्टेट के नाम पर करीब 30 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बीते दो-तीन वर्षों से लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर ठगी कर रहा था और शिकायतें बढ़ने के बाद फरार हो गया था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रमोद कुमार वैष्णव (40 वर्ष), पिता स्व. मोचन दास वैष्णव, निवासी जवाहर नगर, अकलतरा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ धारा 420 भा.दं.सं. के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
15 प्रतिशत ब्याज का लालच देकर करता था ठगी
मामले का खुलासा प्रार्थी महेन्द्र कुमार कश्यप, निवासी कामता, थाना शिवरीनारायण की शिकायत पर हुआ। प्रार्थी ने बताया कि जून 2024 में आरोपी ने खुद को रियल एस्टेट और शेयर मार्केट का कारोबारी बताकर हर माह 15 प्रतिशत मुनाफा देने का झांसा दिया। भरोसा दिलाने के लिए आरोपी ने अपने नाम से इकरारनामा और HDFC बैंक का 10 लाख रुपये का चेक भी दिया।
प्रार्थी ने अपनी बेटी की शादी के लिए धान बेचकर जमा किए गए 10 लाख रुपये नकद आरोपी को दे दिए। कुछ समय बाद आरोपी का मोबाइल बंद आने लगा और वह घर से फरार हो गया।
कई लोगों से की करोड़ों की ठगी
जांच में सामने आया कि आरोपी ने इसी तरह कौशल प्रसाद कश्यप से 10 लाख रुपये और हीरा लाल कश्यप, निवासी चोरभट्टी से 5 लाख रुपये की ठगी की थी। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी ने शेयर मार्केट और रियल एस्टेट के नाम पर 10 से 15 अन्य लोगों से भी लाखों-करोड़ों रुपये की ठगी की है।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने कोरबा, जांजगीर-चांपा और बिलासपुर जिलों में करीब 30 करोड़ रुपये की ठगी करना स्वीकार किया।
आरोपी से वाहन और संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से—
-
वेगनआर कार (CG-11-M-8955) – लगभग ₹4 लाख
-
एक अन्य कार (CG-11-B-5814) – लगभग ₹8.50 लाख
-
यामाहा मोटरसाइकिल (CG-11-BL-3379) – पुत्र के नाम से
कुल मिलाकर करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। अन्य अर्जित संपत्तियों, भूमि और मकान से जुड़ी जानकारी की विवेचना जारी है।






