जिला जेल में जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू से मिलने पहुंचे पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, कांग्रेस नेताओं की जुटी भीड़

चांपा। जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू से जिला जेल में मुलाकात करने शुक्रवार को पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल पहुंचे। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, अकलतरा विधायक राघवेंद्र सिंह, पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंश, पूर्व विधायक मोतीलाल देवांगन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। जेल के बाहर और आसपास कांग्रेसियों की भारी भीड़ देखने को मिली, जिससे माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में नजर आया।
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने पूरे मामले को भाजपा की सोची-समझी चाल बताते हुए कहा कि सत्ता पक्ष जनता की भलाई के मुद्दों पर काम करने के बजाय विपक्ष के विधायकों और कार्यकर्ताओं को निशाना बना रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को दबाने के लिए छलपूर्वक कार्रवाई कराई जा रही है, जो पूरी तरह गलत और अलोकतांत्रिक है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने भी विधायक बालेश्वर साहू को निर्दोष बताते हुए कहा कि सत्ता पक्ष के दबाव में पुलिस ने गलत कार्रवाई की है। उनका कहना है कि बिना ठोस आधार के विधायक को जेल भेजा गया, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता में रोष है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस थाना चांपा में दर्ज मामले के अनुसार, प्रार्थी राजकुमार शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्तमान विधायक बालेश्वर साहू ने उनके और उनके परिवार के साथ कूट रचना करते हुए लगभग 42 लाख रुपये की राशि का फर्जी तरीके से आहरण किया है। शिकायत के आधार पर चांपा थाना में अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 9 जनवरी को न्यायालय में दो संदूक भरकर चालान पेश किया। न्यायालय में पेशी के दौरान न्यायाधीश ने विधायक की जमानत अर्जी खारिज कर दी, जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार विधायक बालेश्वर साहू को 22 जनवरी तक रिमांड पर लिया गया है।
कांग्रेस में आक्रोश
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस नेताओं और समर्थकों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। समर्थकों का आरोप है कि जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधि को जनहित के कार्यों से रोकने के लिए सत्ता पक्ष के दबाव में यह कार्रवाई की गई है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि आने वाले समय में सच्चाई सामने आएगी और “दूध का दूध, पानी का पानी” हो जाएगा।






