कोरबा में दो बड़े सड़क हादसे: 5 घायल, 3 की हालत गंभीर

कोरबा। जिले में बुधवार को नेशनल हाईवे पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल 5 लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसों के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पहली घटना बागों थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-130 पर रेगनिया के पास बुधवार दोपहर हुई। यहां शराब के नशे में धुत दो बाइक सवारों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चार लोग घायल हुए, जिनमें दो की हालत गंभीर है। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को पोड़ी उपरोड़ा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार और नशा इस हादसे की मुख्य वजह रही। बागों थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं दूसरी घटना देर रात करीब 1 बजे पाली थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर टोल नाका के पास हुई। यहां कोयले से लदी एक ट्रेलर सड़क पर खड़ी थी, क्योंकि उसका तेल खत्म हो गया था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दूसरी ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी और उसके परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में एक चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि दूसरा चालक बाल-बाल बच गया। चालक के अनुसार, वाहन कुसमुंडा से बिलासपुर की ओर कोयला लेकर जा रहा था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, खड़ी ट्रेलर में रेडियम या चेतावनी लाइट नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद टोल नाका कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर बैरिकेडिंग कर दी और मुख्य मार्ग को कुछ समय के लिए बंद कर वैकल्पिक रास्ते से यातायात चालू कराया।





