Vedanta Blast Case Update: वेदांता प्लांट हादसे में बड़ी कार्रवाई, चेयरमैन समेत कई पर FIR दर्ज

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में हुए वेदांता पावर प्लांट ब्लास्ट मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कंपनी के चेयरमैन अनिल अग्रवाल समेत कई अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी और प्रबंधन की लापरवाही सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में प्रबंधक देवेंद्र पटेल सहित 8 से 10 लोगों के खिलाफ डबरा थाने में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच अभी जारी है और आगे और लोगों के नाम भी जुड़ने की संभावना जताई जा रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि इस भीषण हादसे में करीब 20 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 से अधिक घायल विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में आपराधिक लापरवाही स्पष्ट रूप से सामने आई है।
हादसे के बाद राज्य सरकार भी एक्शन मोड में है। प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने रायगढ़ पहुंचकर मेट्रो हॉस्पिटल, जिंदल हॉस्पिटल और मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
मंत्री ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है। मुख्यमंत्री द्वारा न्यायिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं, जबकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही श्रम कानूनों के तहत भी कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस बीच कंपनी ने मृतकों के परिजनों को 35 लाख रुपये और घायलों को 15 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। फिलहाल प्रशासन ने प्लांट को सील कर दिया है और जांच पूरी होने तक इसे दोबारा शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।





