Uncategorized

छत्तीसगढ़ राठौर समाज में एकता की मिसाल, पवन राठौर निर्विरोध अध्यक्ष चयनित — औपचारिक घोषणा 14 दिसंबर को

रायपुर। छत्तीसगढ़ राठौर क्षत्रिय समाज ने एक बार फिर अपनी एकता, संस्कार और संगठन क्षमता का परिचय देते हुए समाज के युवा और ऊर्जावान समाजसेवी पवन राठौर को निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने का मार्ग प्रशस्त कर दिया है। समाज, जो शिक्षा, संस्कार और सेवा कार्यों के लिए राज्यभर में अलग पहचान रखता है, उसमें लगभग 80 प्रतिशत सदस्य सम्पन्न एवं सक्षम हैं तथा नेतृत्व संभालने में योग्यता रखते हैं। इसके बावजूद समाज ने एक स्वर में सामूहिक सहमति के साथ युवा चेहरा पवन राठौर पर विश्वास जताया है।
विदित हो कि 14 दिसंबर को समाज के अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया प्रस्तावित थी। मतदान की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई थीं और समाज के कई प्रभावशाली सदस्यों ने अध्यक्ष पद हेतु दावेदारी की इच्छा भी जताई थी। किंतु जैसे ही समाज के सभी दिग्गज, वरिष्ठजन और युवा एक मंच पर इकट्ठा हुए, वहां समाज की अद्भुत एकजुटता देखने को मिली। सभी ने सामूहिक निर्णय लेते हुए चुनावी प्रतिस्पर्धा को त्यागकर पवन राठौर को निर्विरोध अध्यक्ष बनाए जाने पर सहमति व्यक्त की।
इस एकमत फैसले के बाद किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया, जिसके परिणामस्वरूप अध्यक्ष सहित सभी प्रमुख पद निर्विरोध चयनित माने जा चुके हैं। अब केवल औपचारिक घोषणा और प्रक्रिया का शेष भाग 14 दिसंबर को सम्पन्न होना है।
इधर समाज के सदस्य, युवा वर्ग और पवन राठौर के प्रशंसक सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें बधाइयों से नवाज रहे हैं। समाज में इस निर्णय को एकता, अखंडता और अनुशासन की मिसाल माना जा रहा है। पवन राठौर के नेतृत्व में समाज से उम्मीदें बढ़ी हैं कि शिक्षा, सामाजिक उत्थान और सेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित होंगे।

Related Articles

Back to top button