विश्व एड्स दिवस पर आयोजित किया जाएगा जागरूकता और चिकित्सा जांच शिविर

सक्ती 1 दिसंबर 2024 को विश्व एड्स दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय आयोग सक्ती के तत्वावधान में जिला स्वास्थ्य विभाग (चिरायु) और ग्राम पंचायत बसंतपुर गोरखपाली द्वारा एक विशेष एड्स जागरूकता एवं चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम बसंतपुर स्थित प्राथमिक शाला (मालखरौदा) में अपराह्न 12 बजे से शुरू होगा।
इस अवसर पर प्रदेश के वरिष्ठ उच्च न्यायालय अधिवक्ता और राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय आयोग लीगल सेल के प्रदेश अध्यक्ष श्री चितरंजय सिंह पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। साथ ही, अन्य गणमान्य अतिथि और संगठन पदाधिकारी भी इस आयोजन में शामिल होंगे।
कार्यक्रम की मुख्य संयोजिका श्रीमती अनिता पटेल (सरपंच, ग्राम पंचायत बसंतपुर) ने मितानिनों से अपील की है कि वे संबंधित गांवों के हितग्राहियों को इस शिविर से अधिकतम लाभ दिलाने का प्रयास करें।
इस शिविर के माध्यम से लोगों को एड्स के प्रति जागरूक किया जाएगा और मुफ्त चिकित्सा जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। यह कदम ग्रामीण क्षेत्रों में एड्स से संबंधित भ्रांतियों को दूर करने और लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए डॉ. विजय लहरे (प्रदेश सचिव, मेडिकल सेल NHRSJC) ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में एड्स के प्रति जागरूकता फैलाना और लोगों को सही जानकारी देना है, ताकि इस गंभीर बीमारी से बचाव संभव हो सके।






