जमीन बंटवारे को लेकर प्राणघातक हमला: शिवरीनारायण पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के खोरसी गांव में जमीन बंटवारे के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोपियों ने एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना का विवरण
यह मामला 15 नवंबर 2024 की शाम 7:30 बजे का है। प्रार्थी सुखदेव केंवट अपने घर में मौजूद थे, जब राजेश केंवट ने जमीन बंटवारे को लेकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। बात इतनी बढ़ गई कि राजेश ने प्रार्थी की पत्नी पर बोल्डर से सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद राजेश ने डंडे से प्रार्थी के सिर पर वार किया, जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गए।
आरोपियों ने केवल प्रार्थी और उसकी पत्नी को ही नहीं, बल्कि उनके चाचा अमृत केंवट और पिता खोलबहरा केंवट को भी पीटा। यदि पड़ोसियों ने बीच-बचाव न किया होता, तो प्रार्थी और उनकी पत्नी की जान जा सकती थी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला के निर्देश पर शिवरीनारायण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और एसडीओपी यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।






