मजदूरों पर मधुमक्खियों का हमला, 20 लोग घायल

बालोद। जिले के डौंडीलोहारा विकासखंड अंतर्गत ग्राम सेमरडीही में नाली निर्माण कार्य के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक मजदूरों पर हमला कर दिया। इस हमले में महिला और पुरुष समेत कुल 20 मजदूर घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना के तहत सेमरडीही ग्राम पंचायत में करीब 130 मजदूर कच्ची नाली निर्माण कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों का झुंड वहां आ गया और मजदूरों पर हमला बोल दिया।
हमले से बचने के लिए मजदूर इधर-उधर भागने लगे, लेकिन कई लोगों को मधुमक्खियों ने बुरी तरह काट लिया। घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां सभी का उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन के अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। घटना के बाद निर्माण कार्य को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।






