अफरीद ….घर की देहरी पर जब बेटे ने कहा ‘जय हिंद’—मां रो पड़ी, पिता गर्व से भर उठे फौजी बेटे ने मां बाप को दी सलामी

जांजगीर चांपा /ओपी राठौर। देश सेवा की कड़ी ट्रेनिंग पूरी कर जब गांव का बेटा जीतू राठौर अग्निवीर के रूप में घर लौटा, तो अफरीद और आसपास के गांवों में मानो उत्सव का माहौल बन गया। जीतू राठौर, जिन्होंने महार रेजिमेंट ट्रेनिंग सेंटर सागर (मध्यप्रदेश) में कड़ी सैन्य प्रशिक्षण पूरा किया, गुरुवार सुबह करीब 11 बजे जैसे ही ग्राम कमरीद पहुंचे, ग्रामीणों और युवाओं ने उन्हें कंधों पर उठाकर, फूलों की वर्षा करते हुए, देशभक्ति के नारों के साथ जोरदार सम्मान दिया।
बस स्टैंड पर मित्र मंडली ने सबसे पहले जीतू का भव्य स्वागत किया। “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारों ने पूरा क्षेत्र गुंजायमान कर दिया। इसके बाद कारवां कमरीद से अफरीद की ओर बढ़ा। जैसे ही जीतू अपने गृह ग्राम अफरीद के दर्री पारा (NH-49) पहुंचे, वहां का दृश्य किसी वीर सिपाही के विजय-return जैसा था। सड़क दोनों ओर खड़े पुरुष, महिलाएं, और बच्चे फूलमालाओं के साथ उनका इंतजार कर रहे थे। ग्रामीणों ने एक-एक कर उन्हें माला पहनाई और वीर सपूत का स्वागत किया। डीजे पर देशभक्ति गीतों की धुन, ढोल की थाप और जयकारों से पूरा वातावरण देशभक्ति में रंग गया।
रास्ते में तिलक सेवा संस्थान के बच्चों ने भी जीतू का विशेष स्वागत किया। नन्हे हाथों में फूल… और सामने देश का जवान—यह दृश्य सभी को भावुक कर गया। जीतू भी बच्चों से हाथ मिलाते हुए आगे बढ़े और सभी का अभिवादन स्वीकार किया।
जब वह अपने घर के बाहर पहुंचे, तो माता-पिता पहले से ही आरती की थाल और माला लिए खड़े थे। बेटे को वर्दी में सामने देखकर मां की आंखें छलक पड़ीं और पिता शिव राठौर का सीना गर्व से चौड़ा हो गया। जीतू ने अपने घर के दरवाजे पर पहुंचकर विधिवत मार्च-पास्ट किया, “जय हिंद” का नारा लगाया और फिर अपनी टोपी उतारकर मां के सिर पर पहनाई—यह क्षण पूरे गांव के लिए गर्व और सम्मान का प्रतीक बन गया। बेटे ने मां-पिता को दंडवत प्रणाम किया तो वातावरण तालियों और जयकारों से गूंज उठा।
आपको यह भी बता दें कि ग्राम अफरीद का यह तीसरा अग्निवीर है जो भारतीय सेना में सेवा देगा। गांव के युवाओं में यह दृश्य नया उत्साह और प्रेरणा जगाने वाला साबित हुआ। ग्रामीणों का कहना था कि जीतू जैसे सपूत देश की सुरक्षा में अपनी भूमिका निभाएंगे, यह पूरे गांव के लिए गर्व की बात है।








